मध्य प्रदेश के पन्ना में एक और बाघ की मौत, वर्चस्व की लड़ाई में जान जाने की आशंका

मध्य प्रदेश के पन्ना बाघ अभयारण्य (Panna Tiger Reserve) में एक बाघ मृत पाया गया है। संदेह है कि बाघों की आपसी लड़ाई में उसकी मौत हुई है। बाघ की उम्र 3-4 महीने बताई जा रही है। वन अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस क्षेत्र में किसी बाहरी घुसपैठ के कोई निशान नहीं मिले हैं और न ही कोई संदिग्ध गतिविधि पाई गई है। बता दें कि पन्ना रिजर्व में जनवरी महीने में करेंट लगने से दो बाघों की मौत हो गई थी।

एक अधिकारी ने कहा कि वन विभाग के गश्ती दल को 3-4 महीने की उम्र के बाघ टी-7 का शव अभयारण्य के अकोला बफर क्षेत्र में मिला। माना जा रहा है कि बाघ टी-7 ने एक अन्य बाघ के साथ क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई में अपनी जान गंवा दी है। अधिकारी ने बताया, ‘क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार जानवर के शव का परीक्षण किया गया और उसका विसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है।

2022 में हुई थी 34 बाघों की मौत।
टाइगर स्टेट कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में हुई इस घटना से वन विभाग चिंतित है। बता दें कि मध्य प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा और पन्ना सहित कई बाघ अभयारण्य हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश ने साल 2022 में 34 टाइगर को खो दिया था। एनटीसीए के मुताबिक, पिछले वर्ष भारत में कुल 117 बाघों की मौत हुई थी। इनमें सबसे अधिक मौत मध्य प्रदेश में हुई थी।